डोंगरगढ़। पहली तेज बारिश से शहर के केदारबाड़ी, कालकापारा, टिकरापारा और रेलवे चौक समेत कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन और दैनिक जीवन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। केदारबाड़ी के कई घरों में पानी घुस गया है।
लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। हर वर्ष बारिश के दौरान यहां जलभराव होता है और कई बार नगर पालिका व संबंधित अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि केदारबाड़ी कॉलोनी के निर्माण के समय उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं की गई थी। इसके कारण हर बारिश में पूरा क्षेत्र डबरे में तब्दील हो जाता है।
नगर पालिका केवल अस्थायी और औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहती है, जबकि मूल समस्या जस की तस बनी हुई है। अब लोग प्रशासन से तत्काल राहत के साथ स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।


