Thursday, July 2, 2026

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक, तेज हवाएं और वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के रायपुर केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान गरियाबंद, धमतरी, नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बस्तर और सुकमा जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों के दौरान दंतेवाड़ा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा गरियाबंद, धमतरी, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, दुर्ग, बालोद, बस्तर, कोंडागांव, सुकमा और कांकेर जिलों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। जलभराव, सड़क फिसलन, दृश्यता कम होने और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां बन सकती हैं। साथ ही छोटे पुलों और रपटों पर पानी भरने की स्थिति में उन्हें पार करने का प्रयास न करें। गरज-चमक और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए अगले दो दिन प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news