रायपुर। नकटी गांव के 80 घरों पर बुलडोजर चलाने के विरोध में बुधवार को प्रभावितों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने घर दिए हैं, जिनमें किसी तरह की सुविधाएं नहीं हैं। घर इतने छोटे हैं कि उसमें परिवार का रह पाना मुमकिन नहीं है। नकटी के ग्रामीणों के इस प्रदर्शन को देखते हुए भारी भरकम पुलिस बल लगाया गया था। ग्रामीणों को घेराव से रोकने पुलिस ने कलेक्ट्रेट में बैरिकेडिंग की थी। पुलिस ने पहले ग्रामीणों को समझाइश दी। ग्रामीणों के साथ रायपुर जिला कांग्रेस के नेता भी मौजूद थे। गौरतलब है कि कार्रवाई से 2 दिन पहले ही ग्रामीण रायपुर लोक सभा के सांसद बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात करने पहुंचे थे। सांसद ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि बरसात तक कोई तोड़फोड़ नहीं होगी। उन्होंने कहा था कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की जा रही है। इसी बीच 29 जून को 80 घर तोड़ दिए गए।
Related news

