Saturday, July 18, 2026

महतारी वंदन योजना पर विधानसभा में हंगामा, मंत्री के जवाब से नाराज कांग्रेस का वॉकआउट

महतारी वंदन योजना के आंकड़ों को लेकर छत्तीसगढ़ विधानसभा में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने योजना के लाभार्थियों के आंकड़ों में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पोर्टल नहीं खुलने का मुद्दा उठाया। उन्होंने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा कि जून 2026 तक कितनी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिला और जिन महिलाओं को राशि नहीं मिली, उसका कारण क्या है। जवाब में मंत्री ने बताया कि योजना के तहत शुरुआत में मिले 70,27,154 आवेदनों में से 70,09,658 पात्र महिलाओं को पहला भुगतान किया गया था। वर्तमान में 68,54,003 महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा रहा है, जबकि 1,55,600 महिलाओं की मृत्यु, EKYC पूरा नहीं होने या आयकरदाता होने जैसी वजहों से उन्हें योजना में शामिल नहीं किया गया है। उमेश पटेल ने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं का EKYC लंबित है और कई नाम काटे गए हैं। उन्होंने पोर्टल बंद होने को लेकर सवाल किया, जिस पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सरकार के सुशासन का हवाला देते हुए कहा कि सरकार बनने के दो महीने में ही योजना का पैसा जारी कर दिया गया था। मंत्री के जवाब के बाद विपक्ष ने सदन में नारेबाजी शुरू कर दी और असंतोष जताते हुए कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news