Monday, May 11, 2026

देश की प्रगति और एकता में क्षत्रिय कुर्मी समाज का अविस्मरणीय योगदान: सीएम साय

कवर्धा। कबीरधाम जिले के डोंगरिया में आयोजित अखिल भारतीय क्षत्रिय कुर्मी समाज के प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को शामिल होकर समाज की एकता, संगठन और देश व प्रदेश के विकास में समाज की भूमिका और अविस्मरणीय योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि एक संगठित और मजबूत समाज से एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। कार्यक्रम में उन्होंने क्षेत्रवासियों को सिंचाई, सड़क और जलेश्वर महादेव विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी।इसके पूर्व उन्होंने जलेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि और शांति की कामना की।
उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। छत्रपति शिवाजी और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसी विभूतियां इस समाज से आती हैं। जिन्होंने देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। कुर्मी समाज एक प्रगतिशील और समृद्ध समाज है। खेती किसानी में भी समाज काफी आगे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण किया गया है। हम प्रदेशवासियों के लिए राम लला दर्शन योजना चला रहे हैं, अब तक 42 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का पुनः प्रारंभ किया गया है। देश में 19 तीर्थ स्थल चिन्हित कर बड़े बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करा रहे हैं।
सीएम कहा कि जो समाज शिक्षित होता है, वो हमेशा विकास के नए सोपान तय करता है। समाज सशक्त होता है तो देश मजबूत होता है और विकास की राह पर आगे बढ़ता है।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से आज इस भव्य सामाजिक आयोजन में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है तथा संगठित समाज ही निरंतर प्रगति करता है। उन्होंने कहा कि जिस समाज के प्रेरणास्रोत छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान व्यक्तित्व हों, वह समाज स्वाभाविक रूप से यशस्वी और गौरवशाली होता है। साथ ही सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे लौह पुरुष का आशीर्वाद और आदर्श भी समाज को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में समाज के प्रतिभाशाली युवा और बच्चे मौजूद हैं। ऐसे सामाजिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को सही दिशा देने और उन्हें भटकाव से बचाने का कार्य किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज मेहनतकश, उन्नत, समृद्ध और उच्च नैतिक मूल्यों को धारण करने वाला समाज है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूक और संगठित समाज से अपेक्षा रहती है कि वह केवल अपने समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए भी पथप्रदर्शक बनने का कार्य करे।
राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि कुर्मी समाज छत्तीसगढ़ में एक मजबूत और संगठित समाज के रूप में सौ वर्षों से अधिक समय से अपनी पहचान बनाए हुए है। समाज की यह एकता और संगठनात्मक शक्ति उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि समाज का मूल मंत्र विश्वास, संगठन, चरित्र और एकता है। जहां आपसी विश्वास होता है, वहीं मजबूत संगठन खड़ा होता है और जब संगठन के साथ चरित्र एवं संस्कार जुड़े रहते हैं, तब समाज में स्थायी एकता बनी रहती है। श्रीमती वर्मा ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी सहयोग, अनुशासन और एकजुटता बेहद आवश्यक है। कुर्मी समाज ने हमेशा सामाजिक समरसता, शिक्षा और विकास के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह ने कहा कि कुर्मी समाज छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख, जागरूक और प्रगतिशील समाज है, जिसकी मजबूत उपस्थिति प्रदेश के लगभग हर गांव में देखने को मिलती है। यह समाज शिक्षा, कृषि, व्यवसाय और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा अपनी मेहनत और प्रतिभा से प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि कुर्मी समाज की एकता, जागरूकता और संगठित शक्ति छत्तीसगढ़ की सामाजिक एकता और तरक्की का आधार बनेगी। जब समाज शिक्षित और संगठित होकर आगे बढ़ता है, तब पूरे प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलती है।
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कहा कि कुर्मी समाज एक मेहनतकश, कर्मशील और प्रगतिशील समाज है, जो खेती-किसानी, व्यवसाय, शिक्षा तथा प्रशासनिक सेवाओं सहित हर क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। समाज के लोग पूरी लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आज समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। महिलाएं और माताएं भी शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही हैं तथा समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता और संगठन किसी भी समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है। जब समाज संगठित होकर कार्य करता है, तब विकास और प्रगति के नए रास्ते खुलते हैं और समाज मजबूत एवं सशक्त बनता है।
अखिल भारतीय क्षत्रिय कुर्मी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कटियार ने कहा कि कुर्मी समाज एक मेहनती, जागरूक और संगठित समाज है, जिसकी संगठनात्मक परंपरा 132 वर्षों से भी अधिक पुरानी है। समाज ने अपनी मेहनत, एकता और सामाजिक मूल्यों के बल पर देशभर में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद से जहां-जहां कुर्मी समाज की सक्रिय भागीदारी रही है, वहां विकास और प्रगति को नई दिशा मिली है। समाज ने हमेशा कृषि, शिक्षा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्री कटियार ने कहा कि समाज की एकजुटता और संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर आने वाली पीढ़ियों को भी आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
सीएम ने दी विकास कार्यों की बड़ी सौगात: डोंगरिया में मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने क्षीरपानी जलाशय मध्यम परियोजना से नहर विस्तारीकरण की घोषणा की। इस परियोजना की अनुमानित लागत 50 करोड़ है। इससे 1100 हेक्टेयर सिंचित होगा। इसके साथ ही जलेश्वर महादेव के विकास व सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख और खरहट्टा से डोंगरिया तक 2.5 किमी सड़क उन्नयन की घोषणा की। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पंचातय अध्यक्ष सरिता रामकुमार सोनी, राजेन्द्र चंद्रवंशी, जनपद अध्यक्ष अध्यक्ष नंदनी साहू, उपाध्यक्ष सानू तिवारी, अंबिका चंद्रवंशी, चंद्रशेखर चंद्राकर, आईजी बालाजी राव, कलेक्टर गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक धमेन्द्र सिंह सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news