Tuesday, June 30, 2026

धर्मांतरण के मुद्दे पर साहू समाज चलाएगा प्रदेश में जनजागरण अभियान

रायपुर। धर्मांतरण के मुद्दे पर साहू समाज ने प्रदेशभर में जनजागरण अभियान चलाने का फैसला किया है। इस संबंध में रायपुर के टिकरापारा स्थित साहू समाज भवन में करीब छह घंटे तक मैराथन बैठक चली। बैठक में समाज के पदाधिकारियों के साथ भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व गृहमंत्री एवं सांसद ताम्रध्वज साहू, पूर्व मंत्री एवं सांसद चंद्रशेखर साहू, पूर्व मंत्री धनेंद्र साहू, भाजपा विधायक मोतीलाल साहू, कांग्रेस विधायक संदीप साहू सहित समाज के कई वरिष्ठजन मौजूद रहे। बैठक में धर्मांतरण की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए समाज को जागरूक करने और धर्मांतरण रोकने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।
साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र साहू ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि समाज के पदाधिकारी प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान चलाएंगे। इसके लिए विशेष टीमों का गठन किया जाएगा, जो गांव-गांव और एक-एक परिवार तक पहुंचकर समाज के लोगों से संवाद करेंगी और जागरूकता फैलाएंगी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य समाज को संगठित करना, लोगों से संवाद स्थापित करना और धर्मांतरण जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए जल्द ही प्रदेशभर में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में समाज की एकजुटता बनाए रखने, सामाजिक सरोकारों को मजबूत करने और विभिन्न मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। समाज के पदाधिकारियों ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर भी समितियों के गठन का निर्णय लिया।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news