भोपाल में खाद्य विभाग ने एक्सपायरी और नियर एक्सपायरी पैक्ड खाद्य सामग्री बेचने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए लाखों रुपये का संदिग्ध सामान जब्त किया है। जांच में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर संबंधित फर्म का FSSAI पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, करोंद-भानपुर क्षेत्र में संचालक शादाब खान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से गुजरात से नियर एक्सपायरी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री मंगवाकर 50 प्रतिशत तक की छूट के नाम पर बेच रहा था। इस सामान को आधी कीमत पर छोटे व्यापारियों और साप्ताहिक हाट-बाजारों में खपाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान खाद्य विभाग ने बड़ी मात्रा में बटर पॉपकॉर्न, पोदीना मिलेट, पोटैटो चिप्स और कॉर्न फ्लोर सहित कई पैक्ड उत्पाद जब्त किए। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी दुकान, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या साप्ताहिक बाजार से खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेट पर अंकित ‘बेस्ट बिफोर’ और ‘एक्सपायरी डेट’ अवश्य जांचें तथा अत्यधिक छूट पर मिलने वाले संदिग्ध उत्पादों से बचें। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यापारियों की भी जांच की जा रही है।
एक्सपायरी खाद्य सामग्री को 50 फीसदी छूट में बेचने वाला रैकेट पकड़ाया, FSSAI पंजीकरण निलंबित
Related news

