Sunday, July 19, 2026

जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा : जशपुर में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता अभियान तेज


रायपुर। जशपुर जिले में स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार की अवधारणा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर में परिवार नियोजन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परिवार नियोजन के महत्व को घर-घर तक पहुंचाया जाए तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर परिवार नियोजन, सुरक्षित मातृत्व, जनसंख्या स्थिरीकरण तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएगा।
जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल
इस वर्ष अभियान की थीम जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल रखी गई है। डॉ. जात्रा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य दंपतियों को गर्भधारण के उचित समय, दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का सुरक्षित अंतराल रखने तथा परिवार नियोजन के विभिन्न विकल्पों के प्रति जागरूक करना है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति भी मजबूत होती है। अभियान के दौरान जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सास-बहू सम्मेलन, परामर्श शिविर और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से परिवार नियोजन से जुड़ी भ्रांतियों का निराकरण करते हुए योग्य दंपतियों को उपलब्ध सेवाओं एवं उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी।
परिवार नियोजन के सभी साधन नि:शुल्क उपलब्ध
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले के सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधन पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध हैं। इनमें कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां (छाया एवं माला-एन) तथा निरोध शामिल हैं। इच्छुक दंपतियों को प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा आवश्यक परामर्श एवं सेवाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
पुरुष नसबंदी पर 3,000 रुपये का प्रोत्साहन
परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा पुरुष नसबंदी कराने वाले हितग्राहियों को 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़े के दौरान 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में प्रतिदिन पुरुष नसबंदी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी योग्य दंपतियों से अपील की है कि वे परिवार नियोजन अपनाकर स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें तथा शासन द्वारा उपलब्ध नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news