Sunday, August 30, 2026

अस्पताल की चौथी मंजिल से मरीज ने लगाई छलांग

शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब भर्ती एक मरीज ने अचानक चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि मरीज सीधे जमीन पर गिरने के बजाय बीच में लगे टीन शेड पर जा अटका, जिससे उसकी जान बच गई। अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मरीज को सुरक्षित नीचे उतारा और तुरंत इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार, बड़गांव माल निवासी परलाल (पिता छगनलाल, उम्र करीब 30 वर्ष) अस्पताल की चौथी मंजिल स्थित वार्ड नंबर 403 में भर्ती था। गुरुवार रात उसने अचानक खिड़की या बालकनी से नीचे छलांग लगा दी, जिसके बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। टीन शेड पर अटकने के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद स्टाफ, सुरक्षा गार्ड और प्रत्यक्षदर्शियों ने मिलकर मरीज को नीचे उतारा। ऊंचाई से गिरने के कारण मरीज को गंभीर चोटें आई हैं और डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है। फिलहाल उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मरीज के परिजनों और अस्पताल स्टाफ से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर मरीज ने यह कदम क्यों उठाया।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news

Untitled

Related news