धमतरी । बाइक देने से मना करने पर बदमाशों ने आधी रात घर घुसकर परिवार के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान जान से मारने की भी धमकी दी गई। आरोपी युवक ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। इस घटना से पूरा परिवार सहमा हुआ है। इसकी शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र साहू पिता जगेसर साहू 22, उमेश साहू उर्फ छोटू पिता लखीराम साहू 22 और प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस पिता कुंजन मांडवी 18 वर्ष 01 माह, सभी निवासी ग्राम सेहराडाबरी, थाना अर्जुनी, जिला धमतरी(छ.ग.) हैं।
यह मामला अर्जुनी थाना के सेहराडाबरी गांव की है। प्रार्थिया ने शिकायत में बताया कि 23 जून की रात 9 बजे आरोपी उमेश साहू उसके घर बाइक के लिए आया था। उनके इंकार करने पर नाराज होकर लौट गया था। इसके बाद देर रात 12 बजे वह अपने साथी देवेंद्र साहू, प्रणेश मांडवी उर्फ प्रिंस के साथ महिला के घर में जबरदस्ती घुसकर मारपीट की। उन्होंने परिवार के साथ गाली-गलौच कर लकड़ी के डंडे से महिला के पति और बेटी के साथ मारपीट की। इससे उनको चोट आई है। इसके बाद बदमाशों ने घर के दरवाजे, खिड़कियां, बिजली मीटर, गमले, कुर्सी एवं बाइक में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। इस घटना से परिवार दहशत में है। इसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध बीएनएस की धारा 296, 115(2), 331(6), 351(3), 324(4), 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

