Tuesday, July 28, 2026

संस्कृत विद्यालय में आधी रात लगी भीषण आग, मची अफरा- तफरी

गौरेला/पेंड्रा/ मरवाही। गौरेला स्थित गोरखपुर के परमात्मानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते विद्यालय के कई कमरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे फर्नीचर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि विद्यालय परिसर स्थित छात्रावास में सो रहे 50 से अधिक छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात 12:30 बजे विद्यालय परिसर से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद पेंड्रा के दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा पुलिस के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया और उसे छात्रावास व विद्यालय के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी तेज थीं और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर गौरेला पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया।
प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि किसी जलती सामग्री या चिंगारी के विद्यालय के ऊपरी हिस्से में रखे सामान तक पहुंचने से आग भड़की हो सकती है। हालांकि पुलिस और संबंधित विभागों ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है और आग लगने के कारणों की जांच जारी है। इस घटना के बाद छात्रों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news