पटना। राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव शनिवार को बेहतर इलाज के लिए नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाए जाएंगे। शुक्रवार शाम ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में भर्ती कराया गया था। राजद सांसद और लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने बताया कि आईजीआईएमएस में डॉक्टरों ने उनका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया। इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने उन्हें घर पर निगरानी में रहने की सलाह दी है। शनिवार को उन्हें आगे के इलाज के लिए एम्स, दिल्ली ले जाया जाएगा।
इस दौरान मीसा भारती ने पटना के कौटिल्य नगर इलाके की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में उनका परिवार हाल ही में अपने नए घर में शिफ्ट हुआ है, वहां स्वच्छता की गंभीर समस्या है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि वे इस मुद्दे को उठाती हैं तो लोग इसका अलग अर्थ निकाल सकते हैं। गौरतलब है कि दो दशक तक 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास में रहने के बाद हाल ही में लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी अपने निजी आवास, कौटिल्य नगर में शिफ्ट हुए हैं। उनका पुराना सरकारी बंगला अब बिहार सरकार के पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है।
आप की राय
Related news

