Tuesday, August 18, 2026

शेयर मार्केट में रकम दोगुनी करने का झांसा, करोड़ों की ठगी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की कथित ठगी करने वाले पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, हेमदत्त केशरवानी की शिकायत पर मामले का खुलासा हुआ। प्रार्थी ने बताया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उसकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा और निवेश की राशि दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर उससे और अन्य लोगों से चेक एवं आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से कुल 2,04,97,502 रुपये अपने बैंक खातों में जमा कराए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने विश्वास बनाए रखने के लिए शुरुआत में 39,99,400 रुपये लौटाए, लेकिन शेष राशि वापस नहीं की। मामला दर्ज होने के बाद दोनों फरार हो गए और लगातार ठिकाने बदलते रहे। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर चांपा पुलिस ने नया रायपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन और चेकबुक जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news

Untitled

Related news