कांकेर। भाजपा के वरिष्ठ नेता व व अपैक्स बैंक के पूर्व अध्यक्ष महावीर सिंह राठौड़ का बुधवार की देर रात निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री व छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डा. रमन सिंह समेत कई बड़े नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महावीर सिंह राठौड़ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राठौड़ ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा संगठन और समाज सेवा के लिए समर्पित भाव से काम किया। उनका सरल, सहज और कर्मठ व्यक्तित्व हमेशा लोगों की स्मृतियों में जीवित रहेगा। अपने शोक संदेश में कहा कि महावीर सिंह राठौड़ का निधन न सिर्फ भाजपा, बल्कि पूरे राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने भगवान श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डा. रमन सिंह ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीतिक जीवन से अलग उनका महावीर सिंह राठौड़ से आत्मीय संबंध था। उनका मिलनसार स्वभाव और संगठन के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राठौड़ का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। महावीर सिंह राठौड़ के निधन की खबर के बाद कांकेर सहित पूरे प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच शोक का माहौल है। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।

