Thursday, July 16, 2026

बाल संप्रेक्षण गृह से 13 फरार अपचारी बालकों में से 5 पकड़ाए

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्या परिसर रोड स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से मंगलवार रात फरार हुए 13 अपचारी बालकों में से पुलिस ने कोरिया और बलरामपुर जिला से 5 अपचारी बालकों को पकड़ लिया है, जबकि 8 अन्य की तलाश में सरगुजा, बलरामपुर और कोरिया जिले की पुलिस संयुक्त रूप से लगी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 से 8.30 बजे के बीच भोजन करने के बाद 13 अपचारी बालकों ने परिसर के पुराने एवं जर्जर दरवाजे को तोड़कर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं तथा जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया गया। फरार 13 अपचारी बालकों में से 5 को पकड़ लिया गया है इनमें 3 बालकों को बलरामपुर जिले के राजपुर और बलरामपुर थाना क्षेत्र से, जबकि 2 को कोरिया जिले के चरचा थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है। शेष 8 अपचारी बालकों की तलाश की जा रही है।
गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि फरार हुए बालकों पर हत्या, रेप, लूट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पूरी फरारी की साजिश का नेतृत्व उसी अपचारी ने किया, जो 23 जून को हुई पहली फरारी की घटना में भी शामिल था।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news