सरगुजा। सरगुजा जिले में जंगली हाथियों ने बीती रात एक घर और स्कूल में भारी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया है। इससे ग्रामीणों में दहशत है। वन विभाग लगातार हाथी से बचने के लिए मुनादी करा रहा है। यह मामला मैनपाट वन परिक्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का दल कापू रेंज के जोबलपानी से धौवरघाट के बीच जंगल में विचरण कर रहा है।
शुक्रवार रात चुरकीपानी में हाथियों का आतंक देखने को मिला है, यहां हाथियों ने एक घर को तहस नहस कर दिया।
हाथियों के दल ने कडराजा कॉलोनी में भी जमकर उत्पात मचाया है। यहां हाथियों के दल ने स्कूल को भारी नुकसान पहुंचाया है।
इससे ग्रामीणों में डर का माहौल है। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन एक परिवार सड़क पर आ गया है।
हाथियों के आतंक से एक ओर जहां ग्रामीण डर के साए में जीने को मजबूर हैं, तो वहीं दूसरी ओर वन विभाग हाथियों से बचने के लिए मुनादी कर रहा है और लोगों को जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी जा रही है।

