कोरबा। मानिकपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह चार बजे एक नंदी बैल गहरे कुएं में गिर गया। बैल के गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पानी और कीचड़ में फंसे होने के कारण उसकी जान को खतरा था।
लोगों ने तुरंत रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी को सूचना दी। आरसीआरएस का बचाव दल मौके पर पहुंचा। दल में मानस, उमेश और राज शामिल थे, उनके साथ स्थानीय गौ सेवक भी बचाव कार्य में जुट गए। कुआं काफी गहरा और संकरा था, जिससे बचाव में कठिनाई आ रही थी। सदस्यों ने पहले स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने रस्सियों, पट्टों और अन्य बचाव उपकरणों का उपयोग किया। दल ने बहुत सावधानी से नंदी बैल के शरीर पर रस्सी बांधी। कुएं के किनारे खड़े लोगों और गौ सेवकों ने मिलकर रस्सी खींचने में मदद की।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद नंदी बैल को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। बैल को बाहर निकालते ही वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर आरसीआरएस दल और गौ सेवकों का उत्साह बढ़ाया। बचाव के बाद पशु चिकित्सक की मदद से नंदी बैल का प्राथमिक उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि बैल को कोई गंभीर चोट नहीं आई। उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर चारे-पानी की व्यवस्था की गई।

