बीरभूम। पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता आशीष बनर्जी का शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पार्टी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस के मुताबिक, आशीष बनर्जी का शव रामपुरहाट शहर में उनके घर के पास स्थित TMC कार्यालय में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मौत की परिस्थितियों और घटनास्थल से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की खबर फैलते ही स्थानीय TMC कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक और बेचैनी का माहौल है। पार्टी कार्यालय के बाहर भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली है।

