कोरबा। उरगा थाने में सोमवार को कोरबा-चांपा नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से छह मवेशी घायल हो गए। इनमे से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर मवेशियों के शव पड़े रहने से कई बाइक सवार और चार पहिया वाहन भी दुर्घटना की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, घटना कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर एक ढाबे के पास हुई। सड़क किनारे घास चर रहे मवेशियों का झुंड अचानक हाईवे पर आ गया। इसी दौरान कोरबा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सड़क पर मवेशियों के शव और खून फैले होने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पीछे से आ रहे कई बाइक सवार और कार चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ा। कुछ वाहन चालक समय रहते नहीं संभलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने सड़क पर पड़े मवेशियों के शवों को किनारे हटाकर यातायात सुचारु कराया। घटना की सूचना मिलने पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और मृत मवेशियों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
आप की राय
Related news

