दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला कोतवाली थाने के ग्राम कतियारास का है। मोहल्ले के लोगों को बदबू आने के बाद उन्होंने पुलिस इसकी सूचना दी। इस मामले को लेकर पुलिस ने जांच पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी हत्या करने की बात कबूल की।
इसकी जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दंतेवाड़ा जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 03, कतियाररास में एक महिला की निर्मम हत्या किए जाने की सूचना पुलिस को दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा के द्वारा टीम गठित करते हुए 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
23 जुलाई की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 3, कतियाररास स्थित लक्ष्मण कुंजाम के मकान से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान के सामने गेट पर ताला लगा होने के कारण पुलिस ने पीछे के हिस्से से घर में प्रवेश किया। जहां आंगन में एक महिला का शव अत्यंत क्षत-विक्षत और सड़ी-गली अवस्था में मिला। शव का सिर धड़ से अलग था और शरीर में सड़न के कारण कीड़े लग चुके थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत क्राइम सीन यूनिट एवं डॉग स्क्वाड की सहायता ली गई।
आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर मृतका की पहचान झुनकी कुंजाम 35, पति लक्ष्मण कुंजाम, निवासी बुरूंगपाल, थाना बोधघाट, जिला बस्तर के रूप में हुई। शुरुआती पूछताछ में जानकारी मिली कि मृतका एवं उसके पति लक्ष्मण कुंजाम के बीच आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता था तथा आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर लगातार संदेह भी करता था। पुलिस टीम द्वारा तुरंत ही आरोपी की तलाश में टीम को रवाना किया गया और आरोपी को गोंदपाल क्षेत्र से घेराबंदी कर लक्ष्मण कुंजाम को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि 17 जुलाई की शाम उसकी दूसरी पत्नी झुनकी कुंजाम एक बोतल देशी शराब लेकर घर आई थी। दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी को घर के पीछे आंगन में ले जाकर रसोई से लाए चाकू से उसके गले पर वार कर उसकी हत्या करते हुए गर्दन अलग कर दिया और मौके से फरार हो गया।

