बालोद जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाठा स्थित मेसर्स मारूति एग्रो बायोटेक के गोदाम में कृषि आदान सामग्री के अवैध भंडारण और पैकेजिंग का मामला सामने आया है। कृषि विभाग की निरीक्षण टीम ने कार्रवाई करते हुए गोदाम से भारी मात्रा में सामग्री जब्त कर उसे सील कर दिया है। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश और कृषि विभाग के उप संचालक आशीष चन्द्राकर के मार्गदर्शन में जिला एवं ब्लॉक स्तरीय टीम ने 21 जुलाई को गोदाम में दबिश दी थी। निरीक्षण के दौरान गोदाम में बिना अनुमति कृषि सामग्री की पैकेजिंग का कार्य होता पाया गया। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री, जैव उत्प्रेरक, कच्चा माल, बोरी, पैकिंग मशीन, तौल मशीन और सिलाई मशीनें जब्त की हैं। अधिकारियों ने बताया कि जब्त सामग्री के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि खाद, बीज और कीटनाशक केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खरीदें और खरीदारी के समय बिल जरूर लें।
Related news

