सूरजपुर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 किलो 305 ग्राम गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्रतापपुर थाना क्षेत्र के गोटगवां में वाहन चेकिंग के दौरान की गई, जहां पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक बाइक को रोककर तलाशी ली। बाइक पर रखी सफेद बोरी में गांजा मिला, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तरप्रदेश जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तरप्रदेश के बांदा जिले के निवासी 39 वर्षीय रमेशचन्द्र निषाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। तस्करी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

