Monday, July 20, 2026

संदिग्ध हालात में झुलसे युवक की मौत, परिजनों ने दोस्तों पर जलाने का लगाया आरोप

राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसे 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की सात दिन तक इलाज के बाद रविवार को मौत हो गई। परिजनों ने उसके दोस्तों पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की शाम रामसागर पारा निवासी शाकिब को उसका स्कूल का दोस्त सोनू (18) शराब पार्टी के बहाने घर से अपने साथ ले गया था। दोनों सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित खाली मैदान पहुंचे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने शाकिब और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी बाइक भी जलकर खाक हो गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां सात दिन तक उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक की बहन शहरबान ने बताया कि सोनू और शाकिब के बीच पहले किसी वाहन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों की बातचीत बंद थी। उनका आरोप है कि सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर शाकिब को बुलाया और घटना को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक युवक मुकेश ने कहा था कि उसकी गलती से शाकिब जल गया। वहीं, घटनास्थल के आसपास रहने वाले कुछ लोगों का कहना है कि शाकिब बाइक पर बैठा था, तभी उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news