Friday, August 28, 2026

नर्मदा गांव में गौहत्या पर बवाल एक गिरफ्तार, पुलिस बल तैनात

कोरबा। बालको थाने की वनांचल ग्राम पंचायत अजगरबहार के नर्मदा गांव में कथित गोहत्या की सूचना के बाद रविवार सुबह से पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नर्मदा गांव में गोवंश को काटे जाने की कथित घटना हुई। रविवार सुबह इसकी जानकारी गांव में फैलते ही सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर गोवंश का सिर, खाल और मांस के टुकड़े पड़े होने की बात कही। घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद नर्मदा गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी है। वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से क्षेत्र में धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। घटनास्थल से मिले अवशेषों को परीक्षण के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और इसमें किसी साजिश की संभावना का खुलासा हो सकेगा। तब तक गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news

Untitled

Untitled

Related news