छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज चौथा दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल में मंत्री राजेश अग्रवाल, रामविचार नेताम और ओपी चौधरी सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और दयालदास बघेल विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे। आज सदन में छत्तीसगढ़ ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस विधेयक को पारित किए जाने के साथ ही उद्योग मंत्री औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन (संशोधन) विधेयक भी प्रस्तुत करेंगे। विधानसभा सचिवालय के अनुसार आज कुल 63 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव सूचीबद्ध हैं, जबकि आठ विधायक अपनी याचिकाएं सदन में प्रस्तुत करेंगे। गृहमंत्री विजय शर्मा छत्तीसगढ़ अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं (संशोधन) विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में प्रस्तुत करेंगे। वहीं विधायक सुशांत शुक्ला सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से जुड़े मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे, जिसका जवाब खाद्य मंत्री दयालदास बघेल देंगे। इसके अलावा वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर राज्य में बढ़ते प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने के संबंध में अशासकीय संकल्प प्रस्तुत करेंगे, जबकि विधायक सुशांत शुक्ला छत्तीसगढ़ में एक समर्पित खेल विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर अशासकीय संकल्प सदन के समक्ष रखेंगे।
Related news

