Thursday, July 16, 2026

गेवरा माइंस ऑफिस में लूटपाट मामले में तीन चोर पकड़ाए, 4 फरार

कोरबा। एसईसीएल गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में हुई लूटपाट के मामले में दीपका पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ग्राम रालिया निवासी अरुण चौहान उर्फ ददू 23, सरजू प्रसाद चौहान 39 और रोहित यादव 18 को पकड़ा है।आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर ऑफिस में घुसकर कर्मचारी और सीआईएसएफ जवान से मारपीट की थी। उन्होंने मोबाइल फोन और कीमती केबल तार लूट लिया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
यह घटना 7 जुलाई की रात 11 बजे हुई थी। 10 से 12 नकाबपोश बदमाश गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में घुसे थे। वहां ड्यूटी पर तैनात एसईसीएल कर्मचारी जगन्नाथ पटेल से उनका मोबाइल छीन लिया गया। बदमाशों ने कार्यालय में रखा कीमती तांबे का केबल वायर भी लूट लिया।
वारदात के दौरान सीआईएसएफ जवान मिथुन एम ने विरोध किया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उनका सैमसंग एस-22 मोबाइल भी लूटकर फरार हो गए। घटना की शिकायत पर थाना दीपका में अपराध क्रमांक 317/2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर की सूचना तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने ग्राम रालिया निवासी अरुण चौहान उर्फ ददू 23, सरजू प्रसाद चौहान 39 और रोहित यादव 18 को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने लूट में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने केबल तार बेचकर मिली नकदी और अन्य साक्ष्य जब्त किए। लूटे गए मोबाइलों की बरामदगी के लिए जांच अभी भी जारी है। दीपका पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को 13 जुलाई को गिरफ्तार किया था।
यह आरोपी हैं फरार: दीपका पुलिस ने बताया कि इस लूट में शामिल चार अन्य बदमाश फरार हैं। उनमे रोशन यादव, भानु विश्वकर्मा, किरण चौहान और भागवत कुशरे शामिल हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news