Tuesday, September 22, 2026

छात्रा के साहसी स्टिंग का असर, नकल मामले में हाईकोर्ट ने शिक्षा विभाग को भेजा नोटिस

महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान हुए नकल कांड मामले में हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाई है। एक छात्रा द्वारा किए गए साहसी स्टिंग ऑपरेशन और मीडिया में सामने आई खबरों को गंभीरता से लेते हुए चीफ जस्टिस जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने मामले को जनहित याचिका के रूप में सुनवाई के लिए स्वीकार किया है। कोर्ट ने छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा सचिव को नोटिस जारी कर पूरे मामले पर शपथ पत्र के साथ जवाब मांगा है और पूछा है कि नकल कराने में जिन शिक्षकों के नाम सामने आए हैं, उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है। मामला महासमुंद के बसना ब्लॉक की छात्रा नीता जगत से जुड़ा है, जिसने परीक्षा केंद्र में शिक्षकों द्वारा कथित रूप से नकल कराने और मोबाइल के इस्तेमाल का वीडियो बनाकर सच्चाई सामने लाई थी। छात्रा ने जिला स्तर पर सुनवाई नहीं होने के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल में शिकायत दर्ज कराई थी। अब इस मामले में विभागीय जांच पूरी कर कार्रवाई करने की बात कही गई है, जिसकी अगली सुनवाई अक्टूबर के पहले सप्ताह में होगी।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news