Tuesday, August 25, 2026

अमरनाथ यात्रियों के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, 18 श्रद्धालु घायल

श्रीनगर। अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के चंदरकोट लंगर स्थल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कश्मीर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसों और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। इस हादसे में अमरनाथ यात्रियों समेत कुल 18 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना सुबह 7:20 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काफिले में चल रही एक बस के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद बस ने आगे चल रहे एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी। देखते ही देखते एक और बस और एक कार भी इस हादसे की चपेट में आ गई।
इस हादसे में तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल रामबन के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुदर्शन सिंह कटोच ने बताया कि अस्पताल में कुल 18 घायल लाए गए थे। सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी हालत सामान्य पाए जाने पर छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है। प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा पर जा रहे सभी वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रह सके।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news