मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम मगरखेड़ी में टैंकर में वेल्डिंग का काम करते समय अचानक जोरदार धमाका हो गया। ब्लास्ट इतना भीषण था कि पूरा इलाका दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि टैंकर चालक और वेल्डर गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाका इतना तेज था कि टैंकर के लोहे के टुकड़े करीब 500 मीटर दूर तक जा गिरे। इसी दौरान पास में बकरी चरा रहे भीम रोकड़े इसकी चपेट में आ गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में टैंकर चालक विनोद और वेल्डिंग कर रहे नितेश गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। धमाके की वजह से पास खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के कई मकानों के कांच टूट गए। सूचना मिलते ही खलटाका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
Related news

