Wednesday, July 15, 2026

आज से 5 दिवसीय छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हो रहा है, जो 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिवसीय सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी और इस दौरान आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। पहले दिन की कार्यवाही पद्म विभूषण एवं प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ शुरू होगी। प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। मुख्यमंत्री सदन में छत्तीसगढ़ राज्य मानव अधिकार आयोग की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग की वार्षिक लेखा रिपोर्ट 2024-25 और आयोग के वर्ष 2026 के अधिसूचित विनियम पटल पर रखेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (VBGRAM) योजना, छत्तीसगढ़’ से संबंधित दस्तावेज सदन में प्रस्तुत करेंगे। वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी जीएसटी नेटवर्क की वार्षिक रिपोर्ट 2024-25 सदन के पटल पर रखेंगे। इसके अलावा फरवरी-मार्च 2026 सत्र के प्रश्नों के अपूर्ण उत्तरों का संकलन भी सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह प्रदेश में पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण में कथित लापरवाही का मुद्दा उठाएंगे, जबकि कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप जांजगीर जिला अस्पताल में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news