Monday, August 31, 2026

पैसे के विवाद में पेपर कटर से हमला, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। जिला मुख्यालय में स्टेशन के पास युवक पर थर्माकोल पेपर कटर से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णा सारथी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में पैसे के विवाद के बाद गुस्से में हमला करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खून से सना थर्माकोल पेपर कटर भी बरामद कर लिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत कार्रवाई की गई है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की रात स्टेशन क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान आरोपी कृष्णा सारथी ने अभय चौहान उर्फ साहिल उर्फ बोंगा के गले और सीने जैसे शरीर के अत्यंत संवेदनशील अंगों पर लगातार वार किए। गंभीर रूप से घायल साहिल किसी तरह मौके से निकलकर पास के एक होटल में पहुंचा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 और पुलिस को सूचना दी। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जांजगीर और बाद में बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है।
घटना के बाद घायल की पत्नी की शिकायत पर सक्ती थाना में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। वहीं, बिलासपुर में उपचाररत घायल का कार्यपालिक दंडाधिकारी के माध्यम से मरणासन्न कथन भी दर्ज कराया गया। अपने बयान में घायल ने कृष्णा सारथी द्वारा थर्माकोल पेपर कटर से हमला किए जाने की पुष्टि की।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि साहिल उससे बार-बार पैसे मांग रहा था। पैसे नहीं देने पर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने जान से मारने की नीयत से थर्माकोल पेपर कटर से गले और सीने पर कई वार कर दिए। आरोपी के कब्जे से खून से सना थर्माकोल पेपर कटर बरामद कर जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news

Untitled

Related news