मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। ग्वालियर की विशेष MP-MLA कोर्ट ने लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान दिए गए विवादित बयान और कोर्ट के नोटिस की अनदेखी के मामले में उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मामला उस समय का है, जब 27 अप्रैल 2024 को भिंड के ऊमरी कस्बे में चुनावी सभा के दौरान जीतू पटवारी ने बसपा प्रत्याशी देवाशीष जरारिया को लेकर बयान दिया था, जिस पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। कोर्ट ने 16 जनवरी 2026 को पटवारी को पेश होने का नोटिस दिया था, लेकिन वह अदालत में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद कोर्ट ने इसे अवहेलना मानते हुए गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया और पुलिस को निर्देश दिए कि अगली सुनवाई 27 जुलाई को उन्हें हर हाल में पेश किया जाए। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने भिंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए टिप्पणी की कि जीतू पटवारी हर जगह दिखाई दे रहे हैं, लेकिन पुलिस को नजर नहीं आ रहे।
जीतू पटवारी पर कानूनी शिकंजा, विवादित बयान मामले में कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट
Related news

