Saturday, June 27, 2026

महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज में MAICON 1.0 राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ

महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज (MAIC), रायपुर के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं रिसर्च सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन “MAICON 1.0” का शुभारंभ 26 जून 2026 को हुआ। “Artificial Intelligence & Digital Transformation: Opportunities, Challenges and Future Impact” विषय पर आधारित यह सम्मेलन 26 एवं 27 जून तक हाइब्रिड मोड में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के शिक्षाविद्, शोधकर्ता, उद्योग विशेषज्ञ एवं विद्यार्थी ऑनलाइन तथा ऑफलाइन माध्यम से सहभागिता कर रहे हैं। सम्मेलन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा स्वागत नृत्य, सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई। इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन डॉ. रमेश अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन श्री राजेश अग्रवाल, सचिव श्रीमती सरिता अग्रवाल, प्राचार्या डॉ. जैस्मिन जोशी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अपने संबोधनों में वक्ताओं ने शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, प्रशासन एवं सामाजिक जीवन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल परिवर्तन की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए AI के नैतिक एवं जिम्मेदार उपयोग पर बल दिया। मुख्य अतिथि श्री चौधरी ने विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा, नवाचार और तकनीक की भूमिका को रेखांकित करते हुए युवाओं से AI और नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया तथा नया रायपुर में AI, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर से जुड़े महत्वपूर्ण प्रकल्पों की जानकारी दी। मुख्य वक्ता प्रो. ओ.पी. व्यास (निदेशक, IIIT रायपुर) ने तकनीक के साथ मानवीय संवेदनाओं के महत्व पर बल दिया, जबकि विशिष्ट वक्ता डॉ. अमित कुमार विश्वकर्मा (सहायक प्राध्यापक, IIM रायपुर) ने गुणवत्तापूर्ण डेटा और AI कौशल को भविष्य की प्रतिस्पर्धा का आधार बताया। सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र एवं शोध-पत्र प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। द्वितीय दिवस के समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, कुलपति, रूंगटा विश्वविद्यालय, भिलाई, मुख्य वक्ता प्रो. डॉ. अरुण शर्मा तथा विशिष्ट वक्ता डॉ. निशांत जैन प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news