Saturday, August 29, 2026

भाजपा विधायक मिश्रा से ठगी करने वाला गिरफ्तार

पुरंदर मिश्रा से ठगी के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा से एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन का पीए बताकर विधायक से पैसे ऐंठे थे। आरोपी को रायपुर लाया जा रहा है और पुलिस बुधवार सुबह पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। जानकारी के मुताबिक आरोपी ने फोन कर कहा था कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण फंस गया है। उसने डीजल और अन्य जरूरी खर्च के नाम पर पैसों की मांग की। आरोपी ने अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर कई भाजपा नेताओं के साथ तस्वीरें लगा रखी थीं, जिससे उस पर आसानी से भरोसा हो गया। पहले उसने 4,500 रुपये मांगे, लेकिन स्थिति गंभीर समझकर विधायक ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। करीब डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने फिर पैसे मांगे, तब विधायक को शक हुआ। सत्यापन करने पर पता चला कि जिस व्यक्ति का नाम लिया गया था, वह संबंधित कार्यालय में कार्यरत ही नहीं था। इसके बाद खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। मोबाइल नंबर, बैंक खाते और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इसी तरह और कितने लोगों से ठगी की है। घटना के बाद विधायक पुरंदर मिश्रा ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान नंबर से पैसों की मांग होने पर तुरंत भरोसा न करें और पहले संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर पूरी जानकारी की पुष्टि जरूर करें।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news

Untitled

Related news