Sunday, May 24, 2026

इंदिरा गाँधी एयरपोर्ट पर 48 करोड़ के गांजे के साथ दो थाई गिरफ्तार

नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने भारी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त की है। इसकी अनुमानित कीमत 48 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, यह हाल के समय में एयरपोर्ट पर की गई सबसे बड़ी ड्रग्स बरामदगी में से एक है। कार्रवाई के दौरान बैंकॉक से आए 2 थाई नागरिकों को गिरफ्तार भी किया गया है। कस्टम विभाग को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद यात्रियों की निगरानी और जांच को तेज किया गया। इसी दौरान संदिग्ध लगेज की जांच में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई 22 मई 2026 को उस समय हुई जब बैंकॉक से फ्लाइट AI-2356 के जरिए दिल्ली पहुंचे दो थाई नागरिकों पर पहले से ही शक था। दोनों यात्रियों की गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए उन पर नजर रखी जा रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों यात्री ग्रीन चैनल पार कर एयरपोर्ट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी प्रोफाइलिंग और संदिग्ध व्यवहार के आधार पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद उनकी विस्तृत जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। यह हाइड्रोपोनिक गांजा हाल के समय में सबसे महंगी और हाई-ग्रेड ड्रग्स में गिना जाता है।

जांच के दौरान अधिकारियों ने दोनों यात्रियों के बैग की तलाशी ली, जिसमें कुल 6 वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए। इनमें हाइड्रोपोनिक वीड को बेहद चालाकी से छिपाकर लाया जा रहा था। कस्टम विभाग के अनुसार, एक यात्री के बैग से 29 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जबकि दूसरे यात्री के सामान से 19 किलोग्राम मिला। कुल मिलाकर 47.805 किलोग्राम ड्रग्स जब्त की गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाइड्रोपोनिक गांजा की कीमत 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। फिलहाल दोनों विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कस्टम विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि दिल्ली में इस खेप को किसे डिलीवर किया जाना था और इसके पीछे कौन सा अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट सक्रिय है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news