मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले की डबरा नगर पालिका में संपत्तिकर वसूली में 35 लाख 52 हजार रुपये से अधिक के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। मामले के उजागर होने के बाद नगरीय प्रशासन विभाग के निर्देश पर संविदा कर्मचारी राघवेंद्र शर्मा को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया। डबरा सिटी थाना पुलिस ने नगर पालिका सीएमओ साक्षी वाजपेयी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और गबन की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने ई-नगर पालिका 2.0 पोर्टल पर फर्जी HOD आईडी बनाकर बिना अनुमति के 372 ऑनलाइन रसीदें डिलीट कर दीं। पोर्टल और कैशबुक के मिलान में करीब 35.52 लाख रुपये का अंतर पाया गया, जिससे गबन की पुष्टि हुई। आरोपी ने हाईकोर्ट से स्टे भी लिया था, लेकिन तकनीकी और वित्तीय साक्ष्यों के आधार पर स्टे हटने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया।

