Wednesday, May 13, 2026

देसी बम बनाने वाला महापौर देवांगन का साला विनय गिरफ्तार

रायपुर। रावाभाठा इलाके में मितानिन पुष्पा साहू के मकान में कांग्रेस नेता और बीरगांव महापौर नंदलाल देवांगन का साला विनय देवांगन बैग लेकर पहुंचा और कुछ देर में आने की बात कहकर वहां से चला। इस पर पुष्पा को शक हुआ और उसने पार्षद को इसकी जानकारी और उसकी मौजूद में जब बैग खोला गया तो उसमें एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिला। खमतराई पुलिस को सूचना दी गई और गहन तलाशी के बाद 12 मई की देर रात को आरोपी विनय देवांगन को पुलिस ने रावाभाठा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रहही है कि वह बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था, उसके पास ये सामान कहां से आया। साथ ही इस मामले में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके में मितानिन पुष्पा साहू का मकान है। पुष्पा साहू और उनके परिवार का बीरगांव निवासी विनय देवांगन से परिचय है। 6 मई की शाम विनय मितानिन के घर बैग लेकर पहुंचा था। उसने कहा कि वह बैग अभी कुछ समय के लिए यहां रख रहा है और बाद में ले जाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। मितानिन को इस पर शक हुआ, तो उसने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी। सूचना मिलने पर अश्वनी यादव रात में मितानिन के घर पहुंचे और सुबह आने की बात कहकर चले गए। 7 मई की सुबह 8 बजे वार्ड पार्षद स्थानीय रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर जांच की। उसमें एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिला। इसके बाद पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचे थे। बैग से बैटरी, वायर, एयरगन, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर नुमा सामान बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इस मामले के सामने आने के बाद आरोपी विनय देवांगन फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसके बाद रायपुर पुलिस ने 12 मई को रावाभाठा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के रखवाए बैग से जो सामान मिला है, बैटरी, वायर, कैमिकल, डेटोनेटर ये सब आमतौर पर विस्फोटक डिवाइस या आइईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले सामान होते हैं। वहीं एयरगन अलग से हथियार या ट्रेनिंग/शिकार जैसी गतिविधियों में इस्तेमाल होती है। फिलहाल पुलिस उससे इस संबंध में पूछताछ कर रही है।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news