जांजगीर-चांपा। बिर्रा थाना पुलिस ने 2.21 लाख रुपये की कथित चोरी के मामले का महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए हैरान करने वाला सच सामने लाया है। जांच में पता चला कि चोरी की शिकायत करने वाला नरेश भारद्वाज ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था, जिसने लेनदारों से बचने के लिए अपने ही घर में झूठी चोरी की साजिश रची थी। जानकारी के अनुसार, उसने 8 मई को खेत बेचकर मिले 2.21 लाख रुपये घर की अलमारी में रखे थे, लेकिन बाद में उधारी के पैसे न लौटाने के लिए उसने यह कहानी गढ़ दी कि किसी ने घर में घुसकर पैसे चोरी कर लिए हैं। पुलिस की जांच में जब वह लगातार टालमटोल करने लगा तो शक गहरा गया, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ में उसने सच्चाई कबूल कर ली। उसने बताया कि पैसे उसने खुद छिपाकर घर की छत पर रख दिए थे। पुलिस ने पूरी रकम बरामद कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

