रायपुर। प्रदेश में राजधानी सहित कई इलाकों में शनिवार को तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। आज भी कुछ ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। कई जगहों पर अंधड़ से पेड़ गिर गए। इस दौरान देर रात तक बिजली गुल होने से अंधेरा रहा। कई इलाकों में आज भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं। राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई. अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 41 डिग्री सेल्सियस, सबसे कम न्यूनतम तापमान जगदलपुर में 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने आज एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना व्यक्त की है। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा तेज हवा चलने की बात कही है ।
मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा एक द्रोणिका पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक राज्य से होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके कारण रविवार को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। गरज चमक के साथ अंधड़ और बिजली गिरने के आसार हैं। प्रदेश में अधिकतम तापमान में परिवर्तन के आसार नहीं है, इसमें हल्की वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग ने रायपुर शहर के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। बारिश, गरज- चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
आप की राय
Related news

