गरियाबंद। देवभोग नगर पंचायत के सीएमओ के चेंबर में उनके सामने ही एकाउंटेंट से मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एकाउंटेंट संदीप चंद्राकर की कुछ लोग पिटाई करते दिख रहे है। इस बीच संदीप भी एक सरदार की पगड़ी निकाल कर पिटाई करते दिख रहा है। सीएमओ बीच बचाव की मुद्रा में दिख रहे हैं, जबकि इंजीनियर गुस्साए से दिख रहे हैं। घटना 7 मई की शाम 5 बजे के बाद का बताया गया है। संदीप की शिकायत पर इंजीनियर श्याम सुंदर पटनायक और उनके तीन सहयोगी के खिलाफ मामला थाने में दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष की शिकायत पर संदीप चंद्राकर के खिलाफ देवभोग पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
थाना प्रभारी फैजुल शाह हुदा ने कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। सीएमओ दुष्यंत साहू से घटना वाले दिन की सीसीटीवी फुटेज की मांग की थी, लेकिन उस वक्त उनके द्वारा रिकॉर्डिंग होने से इंकार कर दिया गया था। अब वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए सीएमओ को पत्र लिख जानकारी मांगी जा रही है।
गौरतलब है कि एकाउंटेंट संदीप चंद्राकर कर्मचारी यूनियन का प्रदेश कोषाध्यक्ष है. प्रभारी सीएमओ दुष्यंत साहू भी इसी यूनियन के पदाधिकारी हैं. ऐसे में अब मामले में नवनियुक्त कर्मचारी यूनियन का दखल सामने आया है। प्रदेश अध्यक्ष राजेश सोनी के नेतृत्व में शनिवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने देवभोग पुलिस को ज्ञापन सौंपा है। इसमें आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की गई है। सप्ताह भर के भीतर ऐसा मांग पूरी नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
सीएमओ चेंबर में हुए इस घटना ने प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है। पुलिस को पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत करने के बजाए उसे सार्वजनिक प्लेट फार्म पर वायरल कर रहे हैं। पुलिस इसको गंभीरता से ले रही है। इस मामले में संदिग्ध और सुनियोजित बिंदुओं को आधार बनाकर जांच करने की बात कही है।
इस घटना से नपा अध्यक्ष राजेश तिवारी नाराज हैं। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय के अभाव में कर्मचारियों, अधिकारियों ने दूसरी बार निकाय की छवि को धूमिल की है। वह शासन को पत्र लिखकर जवाबदार अफसर और कर्मियों की ही पोस्टिंग यहां करने की मांग करेंगे।


