Wednesday, September 23, 2026

बाइक सवार पति पत्नी को ट्रक ने कुचला, बच्चा गंभीर चक्काजाम

कवर्धा। बाइक सवार पति-पत्नी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। इसमें दोनों की मौत हो गई और उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह घटना कुण्डा थाने क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। जो कि सारंगढ़ के रहने वाले थे। कृष्णा आढिल शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी कीर्ति और 4 साल के बेटे के साथ बाइक से अपने ससुराल कोलेगांव जा रहा था। कुण्डा थाने के सामने से आ रहे ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसलकर गिर गई और पति-पत्नी ट्रक के पहिए के नीचे आ गए। जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका 4 साल का बेटा दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटे आई है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। घायल बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना स्थल और कुण्डा थाने के पास चक्काजाम कर दिया। उन्होंने सड़क निर्माण में लगे ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सड़क के शोल्डर कटिंग में मुरुम की जगह मिट्टी का उपयोग किया गया है, जो बारिश के कारण कीचड़ में बदल गई है। इससे आए दिन बाइक सवार और राहगीर फिसलकर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। ग्रामीण ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, ग्रामीण ठेकेदार के आने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात पर अड़े हैं।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news