Thursday, May 7, 2026

जंगल में माओवादियों की 50 करोड़ से ज्यादा पूंजी का अनुमान

जगदलपुर। सुरक्षा बलों की सर्चिंग में पिछले तीन महीनों में जवानों ने 6 करोड़ 75 लाख रुपए नगद और 8 किलो सोना बरामद किया है। यह इस छिपे खजाने की एक झलक भर है। आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक, यह बरामदगी अंदरूनी इलाकों में छिपाकर रखे गए डंप से हुई है, जिनकी तलाश अभी भी जारी है। जानकार बताते हैं कि नोटबंदी के बाद माओवादियों ने रणनीति बदली और नगद की जगह सोने में निवेश करना शुरू किया, ताकि जोखिम कम रहे। 8 किलो सोने की कीमत ही 13 करोड़ रुपए आंकी गई है, जिससे संगठन की आर्थिक ताकत का अंदाजा लगाया जा सकता है। यह पैसा तेंदूपत्ता संग्राहकों, ठेकेदारों और विकास कार्यों में लगे लोगों से लेवी के रूप में वसूला जाता था, जो साल दर साल करोड़ों में पहुंचता था।
एक अनुमान के अनुसार माओवादियों की छिपी पूंजी 50 करोड़ से भी ज्यादा हो सकती है। हालांकि खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है, क्योंकि जंगलों में छिपे ऐसे कई डंप अब भी सुरक्षा बलों के निशाने पर हैं। बस्तर में जारी सर्च ऑपरेशन सिर्फ हथियारों की तलाश नहीं, बल्कि माओवादियों की उस आर्थिक रीढ़ को तोड़ने की कोशिश भी है, जिस पर उनका पूरा नेटवर्क खड़ा था।

आप की राय

How Is My Site?
Latest news
Related news